आज से बकाया संपत्ति कर पर लगेगा 15 प्रतिशत सरचार्ज

आज से बकाया संपत्ति कर पर लगेगा 15 प्रतिशत सरचार्ज


इंदौर। नगर निगम वित्त वर्ष 2019-20 के बकाया कर पर नागरिकों से एक मार्च से 15 प्रतिशत सरचार्ज वसूलेगा। 29 फरवरी तक 10 प्रतिशत सरचार्ज था। फरवरी के आखिरी दिन शनिवार को निगम खाते में पौने दो करोड़ रुपये से ज्यादा का बकाया कर लोगों ने जमा कराया।


सर्वाधिक कर वसूली वाला जोन एरोड्रम रोड रहा जहां निगम को एक दिन में 53 लाख रुपये से ज्यादा प्राप्त हुए। दूसरे नंबर पर विजय नगर जोन (23 लाख से ज्यादा), जबकि तीसरे नंबर पर स्कीम-94 स्थित जोन (18.45 लाख) रहा। स्टेडियम जोन में दिनभर में 12.29 लाख रुपये की राशि जमा हुई। निगम मुख्यालय में पौने आठ लाख रुपये से ज्यादा का कर जमा हुआ। अन्य जोन में दो, तीन से लेकर पांच लाख रुपये का बकाया कर मिला। नागरिकों ने 1.24 लाख रुपये का कर ई-पेमेंट के जरिए जमा कराया। निगम सूत्रों ने बताया कि अकेले फरवरी में अब तक 17 करोड़ रुपये से ज्यादा का बकाया कर जमा हुआ।


 

पूरा ध्यान वसूली पर


निगम राजस्व विभाग के प्रभारी अधिकारी अपर आयुक्त एसके चैतन्य ने बताया कि शनिवार को ही निगमायुक्त आशीष सिंह ने समीक्षा बैठक में सहायक राजस्व अधिकारियों को ताकीद किया है कि उन्हें और बिल कलेक्टर को रोजाना 16 घंटे काम करने की जरूरत है। निगम का पूरा ध्यान वसूली पर है। अब निगम बकायादारों पर कार्रवाई में और तेजी लाएगा।