एक साथ दस स्थानों पर बनेगी रसोई, हर जगह परोसेंगे एक लाख लोगों का भोजन

एक साथ दस स्थानों पर बनेगी रसोई, हर जगह परोसेंगे एक लाख लोगों का भोजन


इंदौर। पितरेश्वर हनुमान के प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के समापन अवसर पर 3 मार्च को शाम 5 बजे से नगर भोज का आयोजन होगा। इसमें एक साथ दस स्थानों पर रसोई बनाई जाएगी। हर स्थान पर एक लाख लोगों का भोजन बनेगा। आयोजकों की मानें तो इसमें दस लाख लोगों के लिए भोजन की व्यवस्था की जाएगी। बड़ा गणपति से लेकर पितृ पर्वत तक 10 चिन्हित स्थानों पर भंडारा होगा।


भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने बताया कि प्राण प्रतिष्ठा समारोह मंगलवार तक चलेगा। मंगलवार को नगर भोज के साथ समारोह की पूर्णाहुति होगी। इसमें सभी शहरवासी आमंत्रित हैं। इस भोज में करीब 10 लाख लोग भगवान का प्रसाद ग्रहण करेंगे। सिंहस्थ के बाद संभवतः प्रदेश में ये पहला अवसर होगा, जब किसी धार्मिक आयोजन में इतने लोग एक साथ प्रसाद ग्रहण करेंगे। इस अवसर पर हंसदास मठ, नृसिंह वाटिका, व्यास बगीची, एचपी गोदाम के पास सामुदायिक परिसर, मेहंदी परिसर, पंचशील नगर, बिजासन मंदिर, गोम्मटगिरि, गांधी नगर और पितरेश्वर हनुमान धाम में भोजनशाला बनाई गई है। हर भोजनशाला पर हलवाई और सेवकों सहित लगभग 500 लोगों की टोली व्यवस्था संभालेगी। साथ ही विधायक, पार्षद और युवा मोर्चा के कार्यकर्ता भी व्यवस्था देखेंगे।



नगर भोज के लिए हुआ माता अन्नापूर्णा का पूजन


नगर भोज के लिए शनिवार को मां अन्नापूर्णा का पूजन किया गया। पूजन के अवसर पर साध्वी कनकेश्वरी देवी, ब्रह्मऋषि उत्तम स्वामी और महामंडलेश्वर चिन्मयानंद आदि मौजूद थे। पूजन के साथ नगर भोज की तैयारियों का श्रीगणेश कर दिया गया है।


शहर पर पितरेश्वर के रूप में हनुमानजी की कृपा हो रही


प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव में आयोजित शिव पुराण कथा में शनिवार को साध्वी कनकेश्वरी देवी ने कहा कि पितरेश्वर के रूप में इस शहर पर हनुमानजी की विशेष कृपा हुई है। हनुमानजी आव्हाण के बाद पधार गए हैं। शिव पुराण मनुष्य को शिव की ओर परायण करवाती है। इसी के अनुरूप यह संसार परायण है। मनुष्य के लिए शिव पुराण का विशेष महत्व है। यह भवसागर को पार कर मोक्ष की ओर ले जाने का एक माध्यम है। इस मौके पर विधायक रमेश मेंदोला, आकाश विजयवर्गीय, राजेंद्र राठौर, मुन्नाालाल यादव, सुमित मिश्रा आदि मौजूद थे।