गैस जलाते ही निकला आग का गुबार, चार बच्चों सहित छह झुलसे

गैस जलाते ही निकला आग का गुबार, चार बच्चों सहित छह झुलसे


इंदौर । भंवरकुआं क्षेत्र की विष्णुपुरी कॉलोनी में शनिवार दोपहर चाय बनाते समय सिलेंडर से गैस का रिसाव होने से आग लग गई। इसकी चपेट में आने से चार बच्चों सहित छह लोग झुलस गए। सभी को एमवाय अस्पताल में भर्ती किया गया है।


परिवार की सदस्य सीमा रजक ने बताया कि हरवीर शाम चार बजे घर आए थे। बच्चे व हरवीर की पत्नी घर पर ही थे। हरवीर ने चाय बनाने के लिए जैसे ही गैस चूल्हे का बटन घुमाकर लाइटर जलाया अचानक आग भभक गई। उसने कमरे में खेल रहे बच्चों को भी चपेट में ले लिया। वहीं हरवीर की पत्नी अल्की भी पास ही खड़ी थी। बच्चों की चीख-पुकार सुन आसपास के लोग दौड़े और सभी को एमवाय अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों के अनुसार बच्चों की हालत ठीक है। वहीं बच्चों को बचाने में पिता हरवीर ज्यादा झुलस गया। पुलिस के अनुसार, लंबे समय से गैस का रिसाव हो रहा था और बदबू भी आ रही थी, लेकिन हरवीर समझ नहीं पाया और लाइटर जला दिया।


 

एमवाय अस्पताल की तीसरी मंजिल पर बने वार्ड में हरवीर (28) पिता मिट्ठूलाल, शिवानी (5) पिता हरवीर, कान्हा (30) पिता हरवीर, अनुज (4) पिता परमल, नैन सिंह पिता हरवीर व परमल (34) पिता कल्लू भर्ती हैं। बच्चों के दोनों हाथ व चेहरे का कुछ भाग झुलस गया है। छह घायलों में से दो की हालत गंभीर है।