इस मौसम में सबसे गर्म रही शुक्रवार की रात, सामान्य से सात डिग्री अधिक रहा रात का तापमान
इंदौर। इस मौसम में शुक्रवार की रात फरवरी की सबसे गर्म रात रही। शुक्रवार रात न्यूनतम तापमान सामान्य से सात डिग्री अधिक 19.9 डिग्री रहा। इस सीजन में फरवरी में न्यूनतम तापमान में सबसे ज्यादा बढ़ोतरी रही। शनिवार को दिनभर बादल छाए रहे और और 25 से 30 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवा चली। मौसम विभाग के मुताबिक एक मार्च को भी शहर में इसी तरह का मौसम रहेगा। भोपाल स्थित मौसम केंद्र के मुताबिक उत्तरी-पश्चिम राजस्थान पर ऊपरी हवा का चक्रवात बना हुआ है। इसी से उत्तरी-पूर्व राजस्थान की ओर टर्फ गुजर रहा है। इसके कारण इंदौर सहित पश्चिम मप्र के इलाकों में बादल दिखाई दे रहे हैं। शनिवार को अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 31.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।