रिटायर्ड सैन्य अधिकारियों ने कहा- सेना में महिलाओं को उच्च पदों पर अवसर देना सराहनीय पहल
भोपाल।भारतीय सेना में महिलाओं को प्रारंभ से पूरा सम्मान दिया जाता है। अब पहली बार एक महिला लेफ्टिनेंट जनरल बनने जा रही है। रिटायर्ड सैन्य अधिकारियों ने महिलाओं को उच्च पदों पर अवसर देने की इस पहल का स्वागत किया है।
मेजर जनरल भारती कानिटकर पहली महिला लेफ्टिनेंट जनरल बनने जा रही हैं, उनके पति राजीव कानिटकर सेवानिवृत लेफ्टिनेंट जनरल हैं। देश के इतिहास में यह संभवतः पहला अवसर है जब पति-पत्नी दोनों ही इस पद पर रहे हों। मेजर जनरल भारती कानिटकर बाल रोग विशेषज्ञ हैं। उन्होंने पुणे में एएफएमसी के डीन के रूप में दो साल तक काम किया है। मई 2019 में जम्मू कश्मीर और लद्दाख के उत्तरी कमान क्षेत्र के युद्ध चिकित्सा देखभाल के प्रभारी जनरल मेडिकल उधमपुर के रूप में कार्य किया। अब वे पहली महिला लेफ्टिनेंट बनने जा रही हैं।
महिलाओं को सेना में हमेशा सम्मान मिलता है। खासतौर पर मेडीकल और लॉ फील्ड में उनकी सराहनीय सेवाएं रही हैं। सुश्री भारती कानिटकर का पहली लेफ्टिनेंट जनरल बनना गौरव की बात है। इस फैसले से महिलाओं का सेना में शामिल होने के प्रति रूझान बढ़ेगा।
कर्नल नारायण पारवानी, सेवानिवृत कर्नल
सेना में महिलाओं को भी बराबरी के अधिकार मिलते रहे हैं। पहली बार एक महिला लेफ्टिनेंट जनरल बनने जा रही है। यह निर्णय सराहनीय है। महिलाएं किसी से कम नहीं हैं, उनकी क्षमताओं और योग्यता का लाभ देश को मिलना चाहिए। सभी महिलाओं को प्रेरणा मिलेगी।
कैप्टन केजे कुरियन, सेवानिवृत कैप्टन