स्मार्ट सिटी के विरोध कर रहे भाजपा व कांग्रेसी कार्यकर्ता हुए आमने-सामने, पुलिस की मुस्तैदी ने रोका विवाद
भोपाल । राजधानी में टीटी नगर क्षेत्र के 342 एकड़ में एरिया बेस्ड डेवलपमेंट प्रोजेक्ट (स्मार्ट सिटी) को लेकर रहवासियों व व्यापारियों के विरोध पर राजनीति शुरू हो गई है। शनिवार को जवाहर चौक में एक दूसरे के विरोध में प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस व भाजपा कार्यकर्ता आमने-सामने हो गए। हालांकि, पुलिस की मुस्तैदी से एक बड़ा विवाद होते-होते टल गया।
स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट को लेकर पूर्व मंत्री उमाशंकर गुप्ता ने अपने समर्थकों के साथ जवाहर चौक पर दो घंटे तक धरना दिया। इस बीच उन्होंने प्रोजेक्ट में किए जा रहे कामों को लेकर कांग्रेस सरकार पर जमकर निशाना साधा। इस धरने की कांग्रेस नेताओं को पहले से ही जानकारी थी। लिहाजा, पूर्व मंत्री गुप्ता के विरोध में रंगमहल चौराहे से काले झंडे लेकर कांग्रेसी कार्यकर्ता धरना स्थल के लिए रवाना हो गए। पहले तो उन्हें काटजू अस्पताल पर पुलिस ने रोका। फिर जवाहर चौक तक जाने की अनुमति दी गई। दोनों ही पार्टी के कार्यकर्ता एक दूसरे के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर निकले ही थे कि पुलिस ने घेराबंदी व बैरिकेड्स लगाकर उन्हें रोक लिया।
शर्तों के आधार पर भाजपा सरकार ने दी थी स्मार्ट सिटी की मंजूरी
पूर्व मंत्री उमाशंकर गुप्ता ने कहा कि कांग्रेस स्मार्ट सिटी को लेकर भाजपा सरकार को जिम्मेदार ठहराती है। जबकि स्मार्ट सिटी के प्रस्तावित प्रोजेक्ट में बदलाव भाजपा सरकार ने कराया था। कांग्रेस लोगों को गुमराह कर रही है। गुप्ता ने कहा कि स्मार्ट सिटी भाजपा की देन है, लेकिन टीटी नगर में कार्यों के भूमिपूजन के दौरान ऐलान किया गया था कि विस्थापन पहले किया जाएगा। धार्मिक स्थलों, स्कूलों, निजी आवासों को प्रभावित नहीं किया जाएगा। इसके उलट कांग्रेस सरकार काम कर रही है। कांग्रेस ने भाजपा को बदनाम करने का षड़यंत्र रचा है।
भाजपा शासनकाल में हुई गड़बड़ी, अब धरना कर लोगों को कर रहे गुमराह
काले झंडे लेकर विरोध करने निकले कांग्रेस नेताओं ने बताया कि भाजपा शासनकाल में ही स्मार्ट सिटी के नाम पर लोगों को उजाड़ने की तैयारी की गई थी। तब भी इस प्रोजेक्ट का विरोध नहीं किया गया। अब विरोध-प्रदर्शन के नाम पर भाजपा संगठन के निर्देश पर पूर्व मंत्री गुप्ता राजनीति कर रहे हैं। बीते दिनों व्यापारियों से मंत्री पीसी शर्मा ने स्मार्ट सिटी को लेकर भाजपा पर आरोप लगाया था। विरोध प्रदर्शन में कांग्रेस नेता विजिट पाटनी, जिला उपाध्यक्ष राजेश गुप्ता, जिला सचिव उमेश बाथम समेत कई कार्यकर्ता मौजूद थे।
उधर, हाट बाजार में शिफ्टिंग को लेकर विवाद शुरू
बीते दिनों मंत्रालय में हुई बैठक के दौरान लीज की दुकानों को टीटी नगर क्षेत्र के निर्माणाधीन आधुनिक हाट बाजार में शिफ्ट करने का निर्णय लिया गया था। इस पर व्यापारियों ने आपत्ति जताई है। पलाश मार्केट व्यापारी संघ अध्यक्ष त्रिभुवन मिश्रा ने बताया कि गैरिज, ऑटोपार्ट्स, नास्ते की दुकान कैसे शिफ्ट की जाएंगी। ऐसा करने से लोगों का व्यापार चौपट हो जाएगा।
व्यापारियों की इन मांगों पर शुरू हुई राजनीति :
नाले पर अतिक्रमण कर किया जा रहा निर्माण कार्य रोका जाए।
विस्थापन के लिए व्यापारियों की सहमति हो।
निजी मकानों व जमीनों को प्रभावित न किए जाए।
एबीडी एरिया के जारी नोटिफिकेशन को रद्द किया जाए।
प्रोजेक्ट को लेकर लिखित में स्थिति स्पष्ट की जाए।
लैडयूज में की गई गड़बड़ियों को दूर किया जाए।