सुबह से छाए रहे बादल, दोपहर में खिली हल्की धूप, गिरा दिन का तापमान
भोपाल । मौसम ने एक बार फिर करवट बदली है। राजधानी के आसमान पर सुबह से बादल छाए। दोपहर में धूप निकली। रात का पारा भी सामान्य से 5 डिग्री सेल्सियस ऊपर पहुंच गया है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान में बदलाव के चलते दिन के तापमान में 2.3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। वहीं, न्यूनतम तापमान में 2.6 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो गई है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार महाराष्ट्र और राजस्थान पर एक्टिव हुए सिस्टम की वजह से राजधानी सहित प्रदेश के मौसम में इस तरह का बदलाव आया है। वहीं, अगले 24 घंटों के दौरान हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने की संभावना है। राजधानी में न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 5 डिग्री अधिक रहा। वहीं, अधिकतम तापमान सामान्य स्तर पर 30.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विशेषज्ञ पीके साह के अनुसार दिन में बादल छाने से अधिकतम तापमान बढ़ नहीं पाया। हवा की दिशा भी दक्षिण-पूर्वी रही, जिससे रात के पारे में बढ़ोतरी दर्ज हुई।
भिंड, मुरैना में गिरे ओले, दो मार्च तक इसी तरह बना रहेगा मौसम
पश्चिमी विक्षोभ के चलते दक्षिण मध्य महाराष्ट्र के ऊपर उपरी हवा का चक्रवात बना हुआ है। साथ ही उत्तर-पश्चिम राजस्थान पर भी ऊपरी हवा का चक्रवात बना है। इस वजह से मौसम में बदलाव आया है। प्रदेश के कुछ जिलों में बारिश भी हुई। इसके साथ भिंड, मुरैना के कुछ जिलों में ओले भी गिरे। मौसम का मिजाज 2 मार्च तक इसी तरह बना रहेगा। इसके साथ ही भोपाल, ग्वालियर, चंबल, सागर, रीवा संभाग के जिलों में बारिश होने की संभावना है।