हर कोई दिखा रहा है बगावती तेवर
भोपाल । प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बने हुए सवा साल हो चुके हैं, इसके बाद भी पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को अब तक पार्टी की सरकार होने का अहसास नहीं हो पा रहा है। यही वजह है कि उनमें अंसतोष बढ़ता ही जा रहा है। अब कुछ समय बाद प्रदेश में राज्ससभा के साथ ही निकाय व पंचयात चुनाव होना संभावित है, ऐसे में संगठन को खतरा नजर आने लगा है। स्थिति बेकाबू हो जाए, उसके पहले ही प्रदेश प्रभारी दीपक बाारिया ने पार्टी हाईकमान के निर्देश पर डैमेज कंट्रोल के प्रयसास शुरु कर दिए हैं। इसी प्रयास में अब दो दिन तक राजधानी में श्री बाबरिया द्वारा दो दिन तक क्लास लगाई जा रही है। उधर नाथ सरकार की वरिष्ठ महिला मंत्री विजय लक्ष्मी साधौ द्वारा बीते रोज फूल छाप कांग्रेसियों का दिया गया बयान भी बता रहा है की पार्टी में सब कुछ ठीक नहीं चल रहा है। दरअसल हाईकमान के पास लगातार शिकायतें पहुंच रही थीं की मंत्री विधायकों-पीसीसी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की बता सुनना तो ठीक उनको मिलने तक का समय नहीं दे रहे हैं। इन शिकायतों को हाईकमान ने गंभीरता से लेते हुए पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव और प्रदेश संगठन प्रभारी दीपक बावरिया को डेमेज कंट्रोल करने के निर्देश दिए हैं। यही वजह है कि बाबरिया द्वारा अब तीन और चार मार्च को मंत्रियों की वन टू वन क्लास लगाई जा रही है। खास बात यह है कि यह क्लास पूरे दिन चलेगी। इसके लिए लालघाटी स्थित वीआईपी गेस्ट हाउस का चयन किया गया है। दरअसल पार्टी हाईकमान के साथ ही प्रदेश संगठन प्रभारी दीपक बावरिया को लंबे समय से कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं की तरफ से मंत्रियों द्वारा उनकी बात नहीं सुनने की शिकायतें मिल रही हैं। हालात इससे ही समझा जा सकता है कि कई मंत्री तो पीसीसी के पदाधिकारियों को भी समय नहीं दे रहे हैं। पार्टी सूत्रों के मुताबिक दीपक बावरिया ने इस संबंध में सोनिया गांधी से बात करने के बाद उन्होंने सीएम कमलनाथ से बात कर मंत्रियों से वन टू वन करने का फैसला किया है। अचानक बावरिया के वन टू वन के प्रोग्राम की जानकारी मिलने के बाद से अधिकांश मंत्री भौंचक हैं।
मंत्रियों को दिल्ली से मिल रही सूचना
क्लास के पहले दिन 3 मार्च को13 मंत्रियों और दूसरे दिन चार मार्च को 15 मंत्रियों के साथ वन टू वन क्लास लगाई जाएगी। मंत्रियों से वन टू वन उनकी सीनियरटी के हिसाब से किया जाएगा। इसकी सूचना अब तक दो दर्जन से अधिक मंत्रियों के पास दिल्ली से दी जा चुकी है।
सीएम, दिग्विजय से की जाएगी मंत्रणा
संगठन सूत्रों के मुताबिक मंत्रियों की क्लास लगाने के बाद दीपक बावरिया द्वारा मुख्यमंत्री कमलनाथ और पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह के साथ भी मंत्रणा की जाएगी। इस दौरान उनके द्वारा सीएम को वन टू वन के निष्कर्षों से भी अवगत कराएंगे।
मंत्रियों को देना होंगे इन सवालों के उत्तर
कांग्रेस के वचन पत्र में शामिल उनके विभाग से जुड़े अब तक कितने वचन पूरे हो गए हैं। अगर नहीं हुए हैं, तो क्यों।
भोपाल में पार्टी पदाधिकारियों, विधायकों, कार्यकर्ताओं से मिलने के लिए कब का समय निर्धारित है। जिलों में प्रवास के दौरान जिला कांग्रेस कार्यालय जाते हैं या नहीं।
विधायकों में असंतोष क्यों है।
हफ्ते में एक दिन पीसीसी आकर कार्यकर्ताओं से मिलने के लिए समय निकालते हैं या नहीं।
पूर्व की भाजपा सरकार के मंत्रियों के यहां तैनात स्टाफ में आपके यहां कितने लोग कार्यरत हैं और कब से, इन्हें किसकी सिफारिश पर रखा है।
सरकारी कामों में बाहरी लोगों का हस्तक्षेप क्यों है।
कार्यकर्ताओं के कितने काम किए।
पार्टी की पीठ में छुरा घोंप रहे फूलछाप: साधौ
इस बीच वरिष्ठ मंत्री विजय लक्ष्मी साधौ ने खरगौन में एक सार्वजनिक कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस में कथित तौर पर फूलछाप (भाजपा समर्थक) नेताओं पर बयानबाजी किए जाने से हडक़ंप मच गया है। उन्होंने कहा कि फूलछाप कांग्रेसी ही कांग्रेसियों की पीठ में छुरा घोंप रहे हैं। इस दौरान साधौ यहां तक कह गई कि अलर्ट.. शेर की खाल पहनकर कुछ भेडि़ए शेर बन रहे हैं, इनसे सावधान रहे। दरअसल महेश्वर क्षेत्र मेंं विकास कार्यो के शिलान्यास के दौरान दूसरे गुट के एक कांग्रेसी नेता को मंच पर देखकर ही वे भडक़ गईं। इस दौरान उन्होंने कहा कि फूलछाप कांग्रेसी ही कांग्रेस की पीठ में छुरा घोप रहे हैं। लोगों को इन फूलछाप कांग्रेसियों से डरने की जरूरत नहीं बल्कि सावधान रहने की जरूरत है। मंत्री साधौ यही नहीं रुकी, उन्होंने ग्रामीणों के सामने यह भी कह दिया कि शेर की खाल पहनकर कुछ भेडि़ए शेर बन गए हैं। लेकिन वो भेडि़ए ही रहेंगे, शेरनी से मुकाबला नहीं कर सकते हैं। ऐसे फूलछाप कांग्रेसी आदिवासियों का शोषण कर अमीर बन गए हैं और यही नकली कांग्रेसी क्षेत्र को खोखला कर रहे हैं।
अरुण यादव से है साधौ की अदावत
श्ह इशारा मंत्री साधौ द्वारा पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अरुण यादव और कृषि मंत्री सचिन यादव के कट्टर समर्थक तथा महेश्वर के पूर्व ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष अर्जुन ठाकुर की ओर था। अर्जुन पहले मंत्री साधौ के कट्टर समर्थक थे, लेकिन 2018 के विस चुनाव के बाद वे यादव के पाले में चले गए थे।
सीएए का खुलकर विरोध न करने वाले फूलछाप नेता- मसूद
राजधानी की मध्य सीट से कांग्रेस विधायक आरिफ मसूद सीएए और एनआरसी के विरोध में लगातार आंदोलन करने के बाद भी पार्टी नेताओं का खुलकर समर्थन हासलि नहीं कर पा रहे हैं , जिससे वे नाराज हैं। इसके पीछे वे भी फूलछाप कांग्रेसियों को दोषी मान रहे हैं। मसूद ने कहा कांग्रेस के लोग भाजपा की गोद में छिपकर बैठे हैं।